आम सहमति निर्णय लेने का एक प्राथमिक मार्ग है, और इसे हमारे लक्ष्यों को प्राप्त करने का सबसे अच्छे तरीके के रूप में माना गया है। आम सहमति का अर्थ सभी के एक मत होने से नहीं है और न ही इसका अर्थ किसी चुनाव में वोटों द्वारा प्राप्त नतीजों से होता है। आम सहमति से निर्णय, विकियात्रा के नीतियों और दिशानिर्देशों का सम्मान करते हुए सभी संपादकों के वैध कारणों को शामिल कर के लिया जाता है।

निर्धारण सम्पादन

आम सहमति का स्तर सम्पादन

किसी स्थान विशेष में कुछ सदस्यों द्वारा यदि आम सहमति बनती है तो भी वह पूरे समुदाय के आम सहमति को बदल नहीं सकती है।

विकियात्रा में नीतियों और दिशानिर्देशों के चर्चाओं में भाग लेने और सहमति हेतु एक मानक है। उसकी स्थिरता और निरंतरता समुदाय के लिए महत्वपूर्ण है। सदस्य ज्यादातर उन पन्नों के वार्ता पृष्ठ में बदलाव हेतु प्रस्ताव रखते हैं, जिससे उस पर चर्चा हो सके और आम सहमति बनने पर उस बदलाव को डाला जा सके। बिना किसी चर्चा नीतियों के पन्नों में सम्पादन का विरले ही स्वागत किया जाता है। किसी भी नीति में सुधार धीरे धीरे और संरक्षित तरीके से हो तो ही उससे एक अच्छी नीति बनती है।

आम सहमति नहीं सम्पादन

यदि आम सहमति नहीं बनती है तो सामान्यतः कार्य को आगे नहीं बढ़ाया जाता है। जैसे कि विकियात्रा में कुछ विशेष बदलाव करना हो, लेकिन कोई सहमति नहीं बन रही हो। ऐसी स्थिति में ऐसे बदलाव को आगे नहीं बढ़ाया जाता है। क्योंकि ऐसे बदलावों का प्रभाव सभी सदस्यों पर पड़ता है, और बिना आम सहमति के ऐसे कार्य करना सही नहीं माना जाता है।

हालांकि कुछ मामलों में आम सहमति नहीं बनती तो उस कार्य को किया जाता है, जैसे कि किसी लेख में बाहरी कड़ी को हटाने हेतु चर्चा होती है और आम सहमति नहीं बनती है, तो उस कड़ी को हटाया जाता है और केवल तभी जोड़ा जाता है, जब उसे जोड़ने हेतु आम सहमति बनती हो।

निर्माण सम्पादन

ऐसे सदस्य जो तटस्थ और अच्छे रवैये के साथ रहते हैं, वे आमतौर पर आसानी से आम सहमति तक आ जाते हैं। लेकिन कभी कभी उनके कार्य में गतिरोध उत्पन्न हो जाता है, जिसे सुलझाने के लिए तर्कसंगत आधार नहीं मिलते या उस चर्चा में एक या दोनों पक्ष भावनात्मक रूप से या विचारधारा के कारण उस चर्चा में केवल जीत चाहते हैं।

ऐसे कुछ विवादों को इस तरह की चर्चाओं से दूर करने के लिए नीचे कुछ उपाय दिये गए हैं। हो सकता है कि इससे आपको आम सहमति के निर्माण में कोई मदद मिले।

वार्ता पृष्ठ में सम्पादन

किसी लेख से जुड़ा कोई विवाद होने पर उसी के वार्ता पृष्ठ में चर्चा करना सबसे अच्छा तरीका होता है। इनमें आम सहमति न बनने का मुख्य कारण यही होता है कि सदस्य उस पन्ने पर चर्चा में जवाब देना बंद कर देते हैं। इसमें कभी ये नहीं देखा जाता कि कितने लोग विरोध कर रहे हैं और कितने लोग इसका समर्थन कर रहे हैं। निर्णय में केवल गुणवत्तायुक्त तर्क को ही अधिक महत्व दिया जाता है। "मुझे ये नहीं पसंद" या "मुझे पसंद है" जैसे तर्क इनमें किसी काम के नहीं होते हैं। अर्थात उन्हें अनदेखा किया जा सकता है।

वार्ता पृष्ठ पर चर्चा केवल लेख को ध्यान में रख कर नीतियों और दिशानिर्देशों के अनुसार ही होनी चाहिए। यदि किसी सम्पादन पर कोई विरोध करता है या करना चाहता है, तो सदस्यों को वार्ता पृष्ठ का उपयोग करना चाहिए और बताना चाहिए कि क्यों उस बदलाव को जोड़ना, बदलना या हटाना जरूरी है और उससे लेख कैसे अच्छा होगा।

वार्ता पृष्ठ के बाहर सम्पादन

सामान्यतः वार्ता पृष्ठ में केवल दो सदस्यों (या दो समूहों) के भाग लेने के कारण आम सहमति प्राप्त करना संभव नहीं हो पाता है। ऐसा होने पर चर्चा विफल हो जाती है। विकियात्रा में कई ऐसे तरीके हैं, जिससे आप उस चर्चा से बाहर के सदस्यों को चर्चा में भाग लेने और अपना सुझाव देने के लिए आमंत्रित कर सकते हैं। उस चर्चा से पूरी तरह दूर रहने वाले सदस्यों का उस चर्चा में आने से कभी कभी ऐसा सुझाव भी मिल जाता है, जिससे उस चर्चा के दो पक्षों में पूरी तरह सहमति बन जाती है, क्योंकि चर्चा में भाग लेने वाले सदस्य अपने से उन चीजों को नहीं देख पाते, जिसे दोनों पक्षों में शामिल न होने वाले सदस्य देख लेते हैं। यदि वार्ता पृष्ठ में समस्या हल न हो, तो नीचे दिये कुछ सुझावों से आप आम सहमति प्राप्त कर सकते हैं।

  • तीसरे सदस्य का मत – ऐसे विवाद में जब विवाद केवल और केवल दो सदस्यों के मध्य ही हुआ हो या हो रहा हो, तो कोई तीसरा तटस्थ सदस्य उस चर्चा में सुझाव या अपना ऐसा मत दे सकता है, जिससे दोनों सदस्य संतुष्ट हो जाएँ और दोनों सदस्यों में आम सहमति बन जाये। यह केवल दो सदस्यों के विवादों की स्थिति में ही सही रहता है।
  • चौपाल – समुदाय का ध्यान किसी चर्चा में ले जाने का यही सबसे अच्छा तरीका है। आप चौपाल में किसी चर्चा के बारे में सूचना छोड़ सकते हैं। सूचना को तटस्थ रखना चाहिए और किसी भी पक्ष की ओर झुका हुआ न रहे, इसका अच्छी तरह से प्रयास करना चाहिए। किसी विषय पर चर्चा करने हेतु चौपाल सबसे सही स्थान है। यदि आपकी चर्चा किसी लेख या पृष्ठ विशेष हेतु नहीं है तो आप चौपाल में चर्चा कर सकते हैं।

इस बात का ध्यान रखें की ऊपर दिये सुझावों में से कई में आम सहमति प्राप्त करने के लिए मत लिया जा सकता है, लेकिन आम सहमति मतों से तय नहीं होती, बल्कि तर्क की गुणवत्ता पर आधारित होती है। अर्थात यदि किसी एक पक्ष में मतों की संख्या अधिक है, लेकिन तर्क सही नहीं है, तो उसे आम सहमति नहीं माना जाएगा। चर्चा में विकियात्रा की नीतियों और दिशानिर्देशों के साथ सही तर्क रखने वाले मत को अधिक महत्व मिलता है।

त्रुटि सम्पादन

आम सहमति बनाने के लिए सदस्य आमतौर पर कुछ गलतियों को करते हैं, जिसे नीचे दिया गया है, ताकि सदस्य इस तरह की गलतियों को करने से बचें और सही तरीके से सहमति बनाने का प्रयास करें।

  • विकि से बाहर चर्चा - विकि से बाहर किसी वेबसाइट, फोरम, आईआरसी, ईमेल या अन्य किसी बाहरी चर्चा के माध्यम द्वारा चर्चा करने को विकि में आम सहमति के रूप में नहीं लिया जाता है। कुछ विशेष परिस्थितियों में इस तरह की चर्चा संदेह और अविश्वास को जन्म देती है। लगभग सभी विकि से जुड़े चर्चाओं को विकि में ही करना चाहिए, जिसमें सभी लोग उस चर्चा को देख सकें और भाग ले सकें।
  • किसी भी चर्चा में लोगों को बुलाना एक अच्छी बात है और इसका हमेशा स्वागत किया जाता है, लेकिन किसी चर्चा में अपने पक्ष को मजबूत बनाने के लिए ऐसे लोगों को लाना, जो केवल आपके पक्ष में रहें या अपने ढेर सारे खाते खोल कर अपने पक्ष को मजबूत दिखाना आदि सही नहीं है। एक से अधिक खाते खोल कर ऐसे कार्य करने वाले सदस्यों को हमेशा के लिए अवरोधित भी किया जा सकता है।
  • कुछ सदस्य अपने पक्ष में ही निर्णय आए, इसलिए आक्रामक रूप से सम्पादन करने लगते हैं, जिसे विकि के लिए हानिकारक माना जाता है और ऐसे कार्य को जल्द से जल्द रोका जाना चाहिए। आम सहमति बनाने के लिए सदस्यों को दूसरे सदस्यों की बातों को ध्यान दे कर सुनना चाहिए और उसका जवाब भी देना चाहिए।

कई जगह पर चर्चा करना और कई सूचनापटों और वार्ता पृष्ठों में संदेश भेजने आदि से आम सहमति बनाने में आसानी के स्थान पर यह कार्य और मुश्किल हो जाता है। किसी सूचनापट में या किसी वार्ता पृष्ठ में यदि आप इस पर चर्चा चाहते हैं, तो तटस्थता के साथ ही संदेश लिखें। यदि आप समान समस्या या विषय पर कहीं और भी चर्चा कर रहे हैं, तो उसकी कड़ी भी संदेश के साथ रखें।

सदस्य वर्तमान आम सहमति पर बदलाव हेतु नया प्रस्ताव ला सकते हैं, विशेष रूप से ऐसे बदलाव हेतु, जिसके बारे में पिछली चर्चा में बात नहीं हुई हो। यदि हाल ही में आम सहमति द्वारा कोई निर्णय लिया गया हो और उसके बदलाव हेतु आप कोई प्रस्ताव ला रहे हों, तो यह सदस्यों को तंग करने वाला भी हो सकता है। अतः किसी ऐसे प्रस्ताव के पूर्ण होने के बाद, शीघ्र ही उसी में कोई नया बदलाव हेतु प्रस्ताव लाने से बचें।

सदस्य आम सहमति हेतु लिख कर या चर्चा कर के बदलाव कर सकते हैं।हालांकि यदि किसी विषय पर पहले ही चर्चा हो चुकी है तो ऐसे बदलावों हेतु प्रस्ताव केवल चर्चा के जरिये ही करना चाहिए। यदि कोई सदस्य ऐसे बदलाव वाले सम्पादन को पूर्ववत करता है, तो उसे सम्पादन सारांश में लिखना चाहिए कि पहले चर्चा कर लें या आम सहमति होने पर ही ऐसा बदलाव करें। जिससे ऐसा करने वाले सदस्य को इतना ज्ञात हो जाये कि किस तरह प्रस्ताव रखना है। यदि आप किसी को चर्चा हेतु समझा रहे हैं तो ये अच्छा रहेगा कि आप उस सदस्य को पुराने चर्चा की कड़ी भी दे दें, जिसमें आम सहमति बनी थी।

आम सहमति से बाहर सम्पादन

कुछ निर्णय सदस्यों के आम सहमति से बाहर होते हैं। कुछ नीतियाँ और निर्णय जो विकिमीडिया संस्थान और उसके अधिकारी बनाते हैं, वे सभी आम सहमति के द्वारा परिवर्तित नहीं किए जा सकते हैं।